दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के विभिन्न इलाकों में धूल भरी हवाओं ने मौसम बदल दिया है। तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। भारी बारिश भी देखने को मिल रही है। कई जगहों पर ओले भी गिरे हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में तूफानी हवाओं की रफ्तार 78 किलोमीटर प्रति घंटे तक देखी गई। इससे लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने इसे लेकर पहले ही येलो अलर्ट जारी कर दिया था। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मंगलवार से ही दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही थी। बुधवार को गर्मी और उमस ने दिल्ली वालों को थका दिया। दिनभर लोग पसीना पोंछते रहे। वहीं तेज धूप के कारण घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। बुधवार सुबह से ही दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में तेज धूप रही। सूरज निकलने के साथ ही धूप भी तेज हो गई जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
यहां आर्द्रता का स्तर 68 से 42 प्रतिशत तक रहा। उमस के कारण लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इस सीजन में यह पहली बार है जब न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर गया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, दिन के साथ-साथ रात की भी गर्मी दिल्ली वालों को परेशान कर रही है।
मंगलवार की रात इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात रही। गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इस दौरान हल्के बादल छाने की संभावना है। शुक्रवार को हल्के बादल और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है। शनिवार को भी दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। जिससे तापमान में गिरावट आएगी और दिल्ली वालों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
Leave a comment