दिल्ली में आज (19 फरवरी) भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक संपन्न हुई। शाम सात बजे विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक से पहले पता चला है कि चार नाम तैयार किए गए हैं, जिनमें से एक की ताजपोशी होगी। नई दिल्ली से विधायक प्रवेश वर्मा भी सीएम की दौड़ में हैं, जबकि राजौरी गार्डन से विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम भी है। माना जा रहा है कि पंजाब चुनाव को देखते हुए उन्हें सीएम बनाया जा सकता है।
अन्य दो नाम शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता और रोहिणी से विधायक विजेंद्र गुप्ता हैं। सीएम के नाम की घोषणा से पहले शपथ ग्रहण की तारीख तय कर दी गई है। शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को दोपहर 12.30 बजे शुरू होगा। पहले सीएम और फिर कैबिनेट के सदस्य शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के लिए ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। भाजपा की सरकार भव्यता के साथ बनेगी- प्रवीण खंडेलवाल
इस बीच विधायक दल की बैठक के लिए विधायकों, सांसदों और कार्यकर्ताओं का भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। यहां पहुंचे भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने एबीपी न्यूज से बातचीत में कहा, ”भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व सही समय पर सही फैसला लेता है। भाजपा की सरकार भव्यता के साथ बनेगी। हम सब कुछ करेंगे ताकि किसी के चेहरे पर आंसू न आएं और चेहरे पर मुस्कान आए।
” उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन इतना जरूर कहा कि यह सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भावुक क्षण है। भाजपा की सरकार उसी ऐतिहासिक धरती से बनने जा रही है जहां से जेपी ने संपूर्ण क्रांति का नारा दिया था। भाजपा 27 साल का सूखा खत्म कर दिल्ली की सत्ता में लौटी है। आप के 10 साल के राज को खत्म कर सरकार बनाने जा रही है।
Leave a comment